चिड़िया की
बारात नहीं आती
चिड़िया पराई
नहीं हो जाती
चिड़िया का
दहेज नहीं सजता
चिड़िया को
शर्म नहीं आती
तो भी
चिड़िया का ब्याह हो जाता है
चिड़िया के ब्याह में
पानी बरसता है
पानी बरसता है
पर
चिड़िया
कपड़े नहीं पहनती
चिड़िया
नंगी ही
उड़ान भरती है
नंगी ही
भरती है
उड़ान
चिड़िया
चिड़िया
आत्महत्या
नहीं करती।

दिविक रमेश
दिविक रमेश हिन्दी के सुप्रतिष्ठित कवि,आलोचक और बाल-साहित्यकार हैं। आपका जन्म 6 फरवरी, 1946, (वास्तविक: 28 अगस्त 1946)को दिल्ली के गांव किराड़ी में हुआ था। आप १. गिरिजाकुमार माथुर स्मृति पुरस्कार, २. सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार, ३. दिल्ली हिंदी अकादमी का साहित्यिक कृति पुरस्कार से भी सम्मानित हैं।